मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा आज नरसिंहपुर जिले से सिंगल क्लिक के माध्यम से राज्य शासन की विभिन्न पेंशन योजनाओं के 35 लाख से अधिक हितग्राहियों को सितंबर 2026 की पेंशन राशि सिंगल क्लिक से जारी की गई है। अक्टूबर माह में भुगतान की जाने वाली इस पेंशन राशि के अंतर्गत कुल 213.41 करोड़ रुपये का हितलाभ अंतरित किया गया।
मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा समाज के निर्धन, निराश्रित एवं जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न पेंशन योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत पात्र वृद्धजनों, कल्याणियों, परित्यक्त महिलाओं, अविवाहित महिलाओं तथा दिव्यांगजनों को प्रतिमाह 600 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
वेबकास्ट के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े हितग्राही
मुख्यमंत्री द्वारा नरसिंहपुर में आयोजित पेंशन राशि वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में हितग्राहियों को वेबकास्ट के माध्यम से जोड़ने के निर्देश दिए गए थे, जिससे वे राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता कर सकें है।
विदिशा जिला मुख्यालय के साथ साथ सभी ग्राम पंचायतों में उक्त आयोजन का सीधा प्रसारण देखा सुना गया है। जिला स्तरीय कार्यक्रम श्री हरि वृद्धाश्रम में आयोजित किया गया था।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत जिले के 45,528 हितग्राही लाभान्वित, प्रतिमाह 2 करोड़ 79 लाख 16 हजार 800 रुपये की आर्थिक सहायता जारी
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उप संचालक ने बताया है कि विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं से वित्तीय वर्ष में कुल 45,528 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। इन हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रतिमाह कुल 2 करोड़ 79 लाख 16 हजार 800 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। प्रत्येक योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को 600 रुपये प्रतिमाह की दर से सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
नौ योजनाओं के माध्यम से मिल रहा लाभ
जिले में सामाजिक सुरक्षा के उद्देश्य से नौ प्रमुख योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इनमें मंदबुद्धि/बहुविकलांगजनों को आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना, कन्या अभिभावक पेंशन योजना, मुख्यमंत्री अविवाहिता पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा विधवा/परित्यक्ता पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन वृद्धाश्रम, सामाजिक सुरक्षा निःशक्त पेंशन योजना तथा दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता राशि योजना शामिल हैं।
इन योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पात्र हितग्राहियों को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
योजनावार हितग्राहियों की स्थिति
जिले में योजनावार लाभान्वित हितग्राहियों की संख्या इस प्रकार है —
मंदबुद्धि/बहुविकलांगजनों को आर्थिक सहायता: 2,123 हितग्राही।मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना: 23,930 हितग्राही। कन्या अभिभावक पेंशन योजना: 944 हितग्राही।मुख्यमंत्री अविवाहिता पेंशन योजना: 45 हितग्राही।
सामाजिक सुरक्षा विधवा/परित्यक्ता पेंशन योजना: 419 हितग्राही।सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना: 4,308 हितग्राही। सामाजिक सुरक्षा पेंशन वृद्धाश्रम: 1 हितग्राही।
सामाजिक सुरक्षा निःशक्त पेंशन योजना: 11,788 हितग्राही।
दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता राशि योजना: 2,970 हितग्राही शामिल हैं।
जरूरतमंदों को आर्थिक संबल प्रदान करने की पहल
राज्य शासन की पेंशन योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। यह सहायता वृद्धजनों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से दी जाती है।
मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि का अंतरण पेंशन वितरण प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इससे बड़ी संख्या में हितग्राहियों को एक साथ पेंशन राशि उपलब्ध कराई गई।




