सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई विदिशा में वोकल फॉर लोकल विषय पर विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। सत्र में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की रिसोर्स पर्सन सुश्री अनुकृति श्रीवास्तव द्वारा प्रशिक्षणार्थियों एवं स्टॉफ के साथ गांधी जी के विचारों को वर्तमान जीवन की परिस्थितियों से जोड़ते हुए परिचर्चा की गई। परिचर्चा के दौरान सच बोलने, अपनी गलतियों को स्वीकार करने, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली हिंसा तथा अनावश्यक उपभोग की प्रवृत्ति जैसे विषयों पर प्रशिक्षणार्थियों ने अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। महंगी एवं आवश्यकता से अधिक वस्तुओं के उपभोग की आदत को लेकर प्रशिक्षणार्थियों ने अपने व्यक्तिगत अनुभवों के माध्यम से संवाद किया तथा यह विचार रखा कि आवश्यकतानुसार एवं जिम्मेदारी के साथ उपभोग की आदत समाज और पर्यावरण दोनों के लिए बेहतर है। सत्र में वोकल फॉर लोकल, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, आत्मनिर्भरता एवं जैविक खेती जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षणार्थियों ने स्थानीय संसाधनों और उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर संस्था प्राचार्य सुश्री कविता रघुवंशी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रत्येक सत्र प्रशिक्षणार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण है। ऐसे संवाद युवाओं को केवल तकनीकी कौशल ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिकता, नैतिक मूल्यों, आत्मचिंतन एवं सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ते हैं। कार्यक्रम में संस्थान के प्रशिक्षणार्थी एवं स्टॉफ उपस्थित रहे।