कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत आज प्रेरणा वृद्धाश्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से ध्यान एवं आध्यात्मिक सत्र का आयोजन किया गया। वृद्धाश्रम में बुजुर्गो को ध्यान एवं योग कराने वाले योग प्रशिक्षक श्री रोशन लाल बंसल के मुख्य अतिथ्य में आयोजित उक्त कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी संस्था से बीके तारा बहन एवं दिव्या बहन, वृद्धाश्रम के संचालक श्री धर्मेंद्र शर्मा, श्री मनोज वैष्णव एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री ओमवीर रघुवंशी आदि मौजूद रहे।

इस अवसर पर बीके तारा बहन एवं दिव्या बहन ने बुजुर्गों को ध्यान की सरल विधि, सकारात्मक सोच, क्रोध और चिंता से मुक्ति तथा तनावमुक्त जीवन के सूत्र बताए तथा बुजुर्गों द्वारा ध्यान लगाते हुए योग साधना की गई। इसी दौरान वृद्धाश्रम में निवासरत श्री ओंकार लाल जैन द्वारा भजन की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में सभी बुजुर्गो को पीली वस्त्र पट्टिका (अंगवस्त्र) पहनाकर सम्मानित किया गया। वृद्धाश्रम की माता श्रीमती सुशीला बाई और श्रीमती कांतिबाई ने बीके तारा बहन और दिव्या बहन को शॉल पहनाकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री ओमवीर रघुवंशी ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अटल वयो अभ्युदय योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ, सक्रिय और सम्मानजनक जीवन देना है। ध्यान एवं योग से बुजुर्गों को मानसिक शांति, बेहतर नींद और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।