महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार बालिकाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिले में सशक्त वाहिनी अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत इच्छुक बालिकाओं एवं महिलाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर पुलिस भर्ती परीक्षा में चयन की तैयारी के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री एवं शारीरिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना तथा उन्हें शासकीय सेवाओं में चयन के लिए प्रोत्साहित करना है। इस योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों से 30 नवंबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन के लिए प्रतिभागी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी आधार कार्ड, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची, पासपोर्ट साइज फोटो, समग्र आईडी एवं बैंक खाते की छायाप्रति के साथ अपना आवेदन कार्यालय जिला बाल संरक्षण अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, हंस बिल्डिंग के पास, न्यू ब्लॉक शिवपुरी में कार्यालयीन समय में जमा कर सकते हैं। अभियान से संबंधित अधिक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए शाखा प्रभारी श्री जीतेश जैन से मोबाइल नंबर 9893849629 पर संपर्क किया जा सकता है।
