जिले में परंपरागत खेती के साथ अब किसान तेजी से लाभकारी उद्यानिकी फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। पॉलीहाउस में गुलाब, थाई पिंक अमरूद के बगीचे, मसाला फसलों और आधुनिक तकनीक से सब्जी उत्पादन के माध्यम से जिले में खेती का नया स्वरूप उभर रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने ग्राम भदौरा में कृषक श्री नर्मदा शंकर भार्गव के प्रक्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न उद्यानिकी गतिविधियों का अवलोकन किया।

कलेक्टर ने यहां पॉलीहाउस में गुलाब की खेती, शेडनेट हाउस में टमाटर, मटर, गोभी, ककड़ी, मूली एवं ब्रोकली सहित विभिन्न सब्जियों के उत्पादन तथा अमरूद एवं आम के फलोद्यानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषक से उत्पादन, आधुनिक तकनीक, लागत, विपणन एवं खेती से प्राप्त होने वाली आय के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

गुलाब उत्पादन 5 लाख से बढ़ाकर 8 लाख फूल प्रति एकड़ करने का लक्ष्य

कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने कहा कि गुना जिले में पॉलीहाउस आधारित गुलाब की खेती किसानों के लिए लाभकारी व्यवसाय के रूप में उभर रही है। वर्तमान में किसान एक एकड़ में गुलाब की खेती से लगभग 15 लाख रुपये तक का मुनाफा अर्जित कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि आधुनिक तकनीक एवं बेहतर उत्पादन प्रबंधन के माध्यम से प्रति एकड़ वर्तमान में उत्पादित लगभग 5 लाख फूलों की संख्या बढ़ाकर 7 से 8 लाख तक पहुंचाई जाए। इसके साथ ही फूलों की गुणवत्ता, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल सके। इन प्रयासों के माध्यम से प्रति एकड़ वार्षिक मुनाफे को 25 से 30 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए किसानों की आय में दोगुनी नहीं, बल्कि कई गुना वृद्धि जरूरी है। जिला प्रशासन एवं उद्यानिकी विभाग किसानों को आधुनिक तकनीक और लाभकारी खेती से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। कलेक्टर ने बताया कि विगत दो वर्षों में जिले में उद्यान की का रकबा तेजी से बड़ा है। वर्तमान में कुल कृषि रकबे के 16% भाग पर उद्यानिकी फसलों की खेती हो रही है जिसे बढ़ाकर 30% पर ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उद्यानिकी फसलों के बढ़ते रकबे से किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं

उपसंचालक उद्यान जिला गुना श्री के.पी.एस. किरार ने कहा कि जिले में उद्यानिकी फसलों का रकबा तेजी से बढ़ रहा है। किसान अब धनिया, लहसुन, प्याज, मिर्च, गेंदा, पॉलीहाउस में गुलाब, थाई पिंक अमरूद तथा ड्रिप एवं मल्चिंग तकनीक से सब्जियों की खेती जैसी विभिन्न लाभकारी फसलों की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। किसानों के बीच उद्यानिकी खेती को लेकर एक नया उत्साह, क्रेज और सकारात्मक माहौल बनना जिले के लिए अच्छा संकेत है। जिला प्रशासन एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल के मार्गदर्शन में विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक किसानों को आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और बेहतर विपणन व्यवस्था से जोड़कर उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जाए। उन्होंने कहा कि गुना को गुलाब एवं अन्य उच्च मूल्य वाली उद्यानिकी फसलों के प्रमुख उत्पादन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।