विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के उपरांत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवा नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा 06 अक्टूबर को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के अनुपालन में विधानसभा क्षेत्रों के समस्त मतदान केन्द्रों पर 07, 08 एवं 09 अक्टूबर को विशेष कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। विशेष अभियान के अंतर्गत ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, वे संबंधित मतदान केन्द्र पर आयोजित कैम्प में पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। इसके साथ ही ऐसे युवा नागरिक, जो 01 अक्टूबर 2026 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं और पहली बार मतदाता बनने के लिए पात्र हैं, उनके नाम भी मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष कैम्पों के आयोजन के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। संबंधित बीएलओ द्वारा मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध कराए गए बैनर भी कैम्प के दौरान लगाए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को अभियान की जानकारी सहज रूप से प्राप्त हो सके। विशेष कैम्प के दौरान संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने संबंधित मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की स्थिति की जांच करें तथा यदि नाम छूटा हुआ है अथवा वे पहली बार मतदाता बनने के लिए पात्र हैं, तो आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराएं। प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि विशेष कैम्पों की गतिविधियों का फोटो एवं वीडियो रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखा जाए। साथ ही कैम्पों के आयोजन एवं प्राप्त आवेदनों संबंधी जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से अपील की है कि लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। पात्र नागरिकों को इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथियों में अपने संबंधित मतदान केन्द्र पर पहुंचने का आग्रह किया गया है।


