उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग जिला रतलाम ने बताया कि जिले के 04 वृंदावन ग्रामों बिरमावल, सुखेड़ा, खामरिया एवं करिया में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने, उन्नत देशी गौवंश के पालन को बढ़ावा देना एवं गौवंशीय पशुपालकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से गौपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का क्रियान्वयन 27 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
योजना के माध्यम से उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाली गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं अन्य उन्नत अधिसूचित भारतीय नस्लों की गायों की पहचान कर उनके पालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। इससे मशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होने के साथ ही देशी गौवंश के पालन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना की पात्रता एवं पंजीयन
प्रतियोगिता में सभी वगों के पशुपालक भाग ले सकेंगे। पशुपालक वृंदावन ग्राम का निवासी हो। ऐसे पशुपालक, जिनके पास गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं अन्य उन्नत अधिसूचित भारतीय नस्ल की गाय हो एवं दुग्ध उत्पादन प्रतिदिन 06 लीटर या उससे अधिक है, प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए पात्र होंगे। पशुपालकों का पंजीयन नजदीकी पशु चिकित्सालय संस्था में किया जाएगा।
उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादक पशुपालक विजेताओं को गोवर्धन पूजा के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये प्रदान किया जाएगा।
गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना जिले में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने, देशी गौवंश की समृद्ध परंपरा को संरक्षित करने तथा पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।




