राष्ट्रीय पक्षी दिवस के अवसर पर शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में पर्यावरण संरक्षण एवं पक्षियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें इको क्लब के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यशाला में पर्यावरणविद् राजेश क्षत्रि ने पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों, उनके प्राकृतिक आवास तथा पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने संकटग्रस्त पक्षी प्रजातियों के संरक्षण के लिए सामूहिक एवं मानवीय प्रयासों की आवश्यकता बताई।

विद्यालय की प्राचार्य कल्पना नामदेव एवं पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के जिला प्रभारी अखिलेश उपाध्याय ने विद्यार्थियों को पर्यावरण स्वच्छ रखने तथा पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के साथ पक्षी दर्शन (बर्ड वॉचिंग) में भाग लेकर स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों की विशेषताओं और व्यवहार को जाना।