मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को सोनकच्छ विकासखंड के पीपलरावां में व्यापक उद्योग संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. राजेश सोनकर, जिला कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नवीन कुमार धुर्वे ने क्षेत्र के स्थानीय उद्यमियों, बैंक ऋण से लाभान्वित व्यवसायियों तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की लखपति दीदियों से सीधा संवाद किया। संवाद के दौरान क्षेत्र के औद्योगिक विकास, निवेश को प्रोत्साहन, स्वरोजगार के अवसरों के विस्तार तथा लघु उद्योगों के संचालन में आ रही समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही महिलाओं द्वारा संचालित स्वरोजगार गतिविधियों, खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी फार्मिंग, जैविक खेती एवं अन्य कुटीर उद्योगों को बाजार उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि समाज में नेतृत्वकारी भूमिका भी निभा रही हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए डॉ. सोनकर ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से मां नर्मदा का जल क्षेत्र में लाने की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो रही है। इसके माध्यम से गांवों के तालाबों को भरा जाएगा तथा कालीसिंध नदी पर निर्मित बैराजों में भी पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा, जिससे किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के लगभग 180 गांवों को इस परियोजना का सीधा लाभ मिलेगा और आगामी 29 नवंबर तक किसानों के खेतों में पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। विधायक डॉ. सोनकर ने कहा कि जनता और शासन के बीच विश्वास व संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सभी जिला स्तरीय अधिकारी शिविरों में उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर रहे हैं और शेष प्रकरणों को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कर समय-सीमा में हल किया जाएगा।
उद्योग संवाद कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के माध्यम से स्वरोजगार एवं व्यवसाय विस्तार हेतु ऋण प्राप्त करने वाले 15 से अधिक स्थानीय उद्यमियों की सहभागिता रही, जिन्हें कुल ₹ 60 लाख का वित्तीय संबल प्राप्त हुआ है। इसके अंतर्गत मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक (शाखा पीपलरावां) के माध्यम से मुद्रा लोन एवं अन्य योजनाओं के तहत ₹ 53.50 लाख का निवेश व ऋण स्वीकृत किया गया है, जिसमें ग्राम जोलाई के श्री राम ट्रेडर्स (प्रो. श्री लखन सिंह) को जेसीबी हेतु ₹ 31 लाख, ग्राम बीचलाय के श्री धर्मेन्द्र धाकड़ को कंप्यूटर व सीसीटीवी व्यवसाय हेतु ₹ 8 लाख, पीपलरावां के श्री अर्पित राठौर को टेंट व्यवसाय हेतु ₹ 2 लाख, श्री अंकित खत्री को कपड़ा व्यापार हेतु ₹ 2 लाख, श्री नितेश कुमावत को बर्तन व्यापार हेतु ₹ 2 लाख, श्री सुरेन्द्र कुमार पाटीदार को दुग्ध डेयरी हेतु ₹ 2 लाख, श्री वकील खां को बर्तन व्यापार हेतु ₹ 2 लाख, श्री गणेश राठौर को किराना व्यवसाय हेतु ₹ 2 लाख, श्री लक्ष्मीनारायण कुमावत को रेस्टोरेंट हेतु ₹ 1.50 लाख तथा श्री बालकृष्ण टेलर को कपड़ा दुकान हेतु ₹ 1 लाख का ऋण प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार बैंक ऑफ इंडिया (शाखा सोनकच्छ) के माध्यम से ₹ 6.50 लाख का ऋण वितरित किया गया है, जिसके तहत मुण्डलाआना के श्री राहुल खींची को ई-रिक्शा हेतु ₹ 2.50 लाख तथा पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत सांवेर के श्री अजय, चौबारा जागीर के श्री अजय बाघेला, राजोदा के श्री लाखनसिंह पटेल और गंजपुरा के श्री माखन सिंह को ₹ 1-1 लाख की ऋण राशि स्वीकृत की गई है।
संवाद के दौरान हितग्राहियों ने शासकीय योजनाओं से स्थापित अपने उद्योगों के अनुभव साझा किए, जिसमें हितग्राही श्री मिहिर करनावट ने बताया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के तहत उन्होंने केक एवं बेकरी उत्पाद निर्माण इकाई स्थापित की है और उन्हें ₹ 18 लाख के ऋण पर 35 प्रतिशत के मान से लगभग ₹ 6 लाख की सब्सिडी प्राप्त हुई है। इसी तरह श्री संतोष राठौर ने बैंक ऋण से मूंगफली तेल निर्माण इकाई और श्री बहादुर पटेल ने माला निर्माण का व्यवसाय प्रारंभ किया है, जबकि एक अन्य उद्यमी ने पीएमएफएमई योजना से डीहाइड्रेशन फूड यूनिट स्थापित की है, जिससे कृषि उत्पादों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने सभी उद्यमियों से संवाद कर उनके व्यवसाय को आगामी चरण में विस्तार देने की कार्ययोजना की जानकारी ली और विपणन सहायता का भरोसा दिलाया।
इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने अपनी आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानियां सुनाईं, जिसमें श्रीमती रचना बैरागी ने बताया कि समूह से जुड़कर वे आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनी हैं। श्रीकृष्ण स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती रेनूबाई ने बताया कि समूह की सहायता से उन्होंने भैंस क्रय की और 'एक बगिया मां के नाम' अभियान के तहत फलदार बगिया विकसित की है तथा वर्तमान में वे 'किसान सखी' के रूप में भी कार्य कर रही हैं। वहीं श्रीमती अनीता जोशी ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने डेयरी फार्म शुरू किया, जिससे वे आज प्रतिमाह ₹ 20 से ₹ 25 हजार की आय अर्जित कर रही हैं और अन्य महिलाओं को भी समूह से जोड़ रही हैं। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने पात्र युवाओं व उद्यमियों को शासन की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया तथा बैंक प्रतिनिधियों को ऋण प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएफओ श्री अमित सिंह, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, बैंकर्स, उद्यमी एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।





