मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आज मुलताई के ग्राम लिहदा पहुंचकर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने डैम की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने डैम से पानी लिफ्ट कर उपयोग में लाने के लिए मुलताई नगरपालिका को सर्वे कर द्वारका नगरी योजना के तहत कार्य प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। साथ ही डैम को उसकी 8 एमसीएम की पूर्ण क्षमता पर संचालित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों एवं किसानों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने पुलिया निर्माण तथा पारसडोह डैम की जर्जर सड़क के नवीनीकरण के लिए जल संसाधन विभाग को शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, किसानों की गन्ने की फसल के लिए लिहदा डैम से पानी उपलब्ध कराने की मांग पर भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।