मैहर, 26 सितंबर। मैहर जिले की वर्षगांठ के अवसर पर आगामी 5 अक्टूबर को गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम समारोह में जिले की संस्कृति, कला, खेल एवं प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन की तैयारियों को लेकर मैहर विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश प्रताप सिंह की उपस्थिति में विद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक मां शारदा मंदिर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने बताया कि गौरव दिवस के अवसर पर मैहर जिले के तीनों विकासखंडों मैहर, अमरपाटन एवं रामनगर को शामिल करते हुए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

समारोह में लगभग दो हजार से अधिक छात्राओं द्वारा एक साथ कथक नृत्य प्रस्तुत कर वर्ल्ड रिकॉर्ड में मैहर जिले का नाम दर्ज कराने की पहल पर चर्चा की गई। गौरव दिवस समारोह में सांस्कृतिक नृत्य, गायन, खेलकूद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा रंगोली, मेहंदी, पेंटिंग एवं आर्ट प्रतियोगिताएं तथा सामान्य ज्ञान से संबंधित आयोजन भी होंगे।

कार्यक्रम को लेकर जिला स्तरीय तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।समारोह में जिले भर से महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के साथ दिव्यांगजन, स्कूली एवं गैर-स्कूली बच्चे भी सहभागिता कर सकेंगे।