मैहर, 26 सितंबर। जिले की अमरपाटन विकासखंड की ग्राम पंचायत मौहरी कटरा ने गुणवत्तापूर्ण शासकीय सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ग्राम पंचायत मौहरी कटरा को ISO 9001:2015 प्रमाण पत्र गुणवत्ता पूर्ण प्रबंधन पर प्राप्त हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन द्वारा जारी यह प्रमाण पत्र ग्राम पंचायत में कार्यालयीन व्यवस्थाओं के बेहतर रख-रखाव, कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, स्वच्छता, दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण तथा ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं, स्वास्थ संबंधी बेहतर, गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने और गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए प्राप्त हुआ।
26 सितंबर को आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान क्षेत्रीय विधायक श्री विक्रम सिंह,जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखेलावन कोल और कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने ग्राम पंचायत के सरपंच श्री शैलेंद्र सिंह को उक्त उपलब्धी के लिए सम्मानित किया।


