सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 5 अक्टूबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांदीपनी स्कूल, बालाघाट में ‘अनकही कहानी’ नाट्य मंचन का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, जन अभियान परिषद एवं मध्यप्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़ी विभिन्न प्रेरक झलकियों को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। नाट्य मंचन के माध्यम से जीवन में स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए अपने घर के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री महेश पटले के निर्देशन एवं विकासखंड समन्वयक श्रीमती बैजन्ती कटरे के मार्गदर्शन में किया गया।

नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।इस अवसर पर सांदीपनी स्कूल के प्राचार्य श्री युवराज राहंगडाले, विकासखंड समन्वयक श्रीमती बैजन्ती कटरे, सेक्टर-1 नवांकुर समिति बालाघाट से जयश्री सोनवाने, सेक्टर-2 नवांकुर समिति हट्टा से हंसराज मेश्राम, सेक्टर-5 से नवांकुर इंद्राणी वरकड़े सहित परामर्शदाता विजय सूर्यवंशी, मालती बिसेन, वर्षा परिहार एवं हरेंद्र यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ सांदीपनी स्कूल के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण भी मौजूद रहे। नाट्य मंचन के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा और सामाजिक दायित्व की भावना को आत्मसात करने तथा स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल समाज निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।