सेवा संकल्प अभियान- 2026 के अंतर्गत 2 से 10 अक्टूबर तक संचालित ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न सेवा एवं जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार 6 अक्टूबर को कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन और सीएमएचओ डॉ.अर्चना कैथवास एवं सिविल सर्जन डॉ.कंचन दुबे के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय सहित जिले के विभिन्न विकासखंडों में नि:शुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर आयोजित किए गए।
जिला चिकित्सालय में 142 मरीजों की हुई नेत्र जांच - मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा के गेट नंबर- 01 स्थित नेत्र रोग विभाग में आयोजित जिला स्तरीय शिविर का शुभारंभ श्री शेषराव यादव, श्री अजय सक्सेना, श्री धर्मेंद्र मिगलानी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों को चश्मों का वितरण भी किया गया।
जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर में कुल 142 मरीजों की नेत्र जांच की गई। इनमें 67 मरीजों में दृष्टि दोष पाया गया। 24 मरीजों को बाईफोकल तथा 43 मरीजों को प्रेसबायोपिक चश्मे वितरित किए गए। वहीं 5 मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन किए गए तथा 13 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिनके ऑपरेशन आगामी दिवस में किए जाएंगे। सामान्य नेत्र संबंधी समस्या वाले मरीजों को आवश्यक उपचार के साथ आई ड्रॉप एवं दवाइयां भी प्रदान की गईं।
जिले के विभिन्न विकासखंडों में भी आयोजित हुए शिविर - सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित नेत्र जांच शिविरों में भी बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। पिंडरईकला, परासिया, मोहखेड़, बिछुआ, जामई, चौरई, तामिया, अमरवाड़ा एवं हर्रई सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में कुल 429 मरीजों की जांच की गई। इनमें 50 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित/रेफर किया गया तथा 286 मरीजों में दृष्टि दोष पाया गया। शिविरों में मरीजों को आवश्यक परामर्श, उपचार एवं चश्मों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
इस प्रकार जिला चिकित्सालय सहित जिलेभर में आयोजित शिविरों में कुल 571 मरीजों की नेत्र जांच की गई। इनमें 63 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित/रेफर किया गया तथा 353 मरीजों में दृष्टि दोष पाया गया। शिविरों के माध्यम से कुल 295 चश्मों का वितरण किया गया।






