युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल ‘माय भारत’ द्वारा 30वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य गैर- राजनीतिक पृष्ठभूमि के प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें विकसित भारत @2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
इस आश्य की जानकारी जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत जिला अशोकनगर सुश्री श्रेया कंदोला ने शनिवार को स्थानीय रेस्टहाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में पत्रकारों को दी। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्री अरूण रघुवंशी,उपसंचालक जनसंपर्क श्री एस.एम.सिद्दीकी,प्रिंट, इलेक्ट्रानिक एवं सोशल मीडिया के जिला व्यूरों एवं संवाददाता उपस्थित रहे।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए जिला स्तरीय ऑनलाइन विकसित भारत क्विज एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की शुरुआत हो चुकी है। युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचारों और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में योगदान देने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
चयन प्रक्रिया के अंतर्गत डिजिटल क्विज का आयोजन 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। इसके बाद निबंध लेखन तथा जिला एवं राज्य स्तरीय प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। जिला एवं राज्य स्तरीय चरण नवंबर-दिसंबर 2026 में आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का राष्ट्रीय स्तर पर समापन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में होगा।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभाशाली युवाओं को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के समक्ष अपने विचार और विकसित भारत के संबंध में अपना विजन सीधे प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
पात्र युवा mybharat.gov.in पर लॉगिन कर ऑनलाइन क्विज में भाग ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त आधिकारिक QR कोड को स्कैन करके भी प्रतियोगिता में सहभागिता की जा सकती है। जिले के युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में VBYLD 2027 में भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाएं और ‘विकसित भारत @2047’ के निर्माण में सहभागी बनें।



