कला जब मंच पाती है तो प्रतिभा पहचान बन जाती है। इसका जीवंत उदाहरण शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर के असेंबली हॉल में देखने को मिला, जहां बालरंग प्रतियोगिता-2026 की जिला स्तरीय स्पर्धा में जिले के विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, साहित्य, वादन, संस्कृत, उर्दू, चित्रकला और योग सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
प्रतियोगिता में नरसिंहपुर, करेली, गोटेगांव और साईंखेड़ा विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुतियां दीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
साहित्य विधा के निबंध में सिद्धि श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्वरचित काव्य पाठ के कनिष्ठ वर्ग में नमन खाम्ले तथा वरिष्ठ वर्ग में भावना मेहरा विजेता रहीं। प्रश्न मंच के कनिष्ठ वर्ग में अभिजीत साहू एवं पवन कुमार चौधरी तथा वरिष्ठ वर्ग में अंजलि साहू एवं मोनिका प्रजापति ने प्रथम स्थान हासिल किया। सांस्कृतिक विधाओं में सुगम संगीत के वरिष्ठ वर्ग में विधा मालवीय और वादन में नमन पटेल प्रथम रहे।
लोकगीत के कनिष्ठ वर्ग में हितेषी वर्मा एवं समूह तथा वरिष्ठ वर्ग में वैदेही राजपूत एवं समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ दोनों वर्गों में शासकीय सांदीपनि विद्यालय नरसिंहपुर के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। संस्कृत की नृत्य नाटिका के कनिष्ठ वर्ग में महिमा पटेल एवं समूह प्रथम रहे।
उर्दू की स्वरचित गजल-नज़्म के वरिष्ठ वर्ग में शिमोईल उस्मानी, जबकि कव्वाली के कनिष्ठ वर्ग में स्तुति, छवि एवं समूह तथा वरिष्ठ वर्ग में नैनसी सेन एवं समूह विजेता रहे। निशक्त एवं दिव्यांग विद्यार्थियों की प्रतियोगिता में वादन के वरिष्ठ वर्ग में सुमित रजक तथा चित्रकला के वरिष्ठ वर्ग में दर्शिका पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। योग के वरिष्ठ वर्ग में अनिल चौधरी प्रथम रहे।
अब जबलपुर में दिखेगा नरसिंहपुर का हुनर
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को अतिथियों ने शुभकामनाएं देते हुए संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रोत्साहित किया। संस्था प्राचार्य श्री राजीव किशोर श्रीवास्तव ने प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बालरंग जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को 3 अक्टूबर को जबलपुर में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय बालरंग प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला मानिटरिंग समिति सदस्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री अमितेंद्र नारोलिया, विशिष्ट अतिथि श्रीमती सुषमा तिवारी, पार्षद शास्त्री वार्ड, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बृजेश शर्मा एवं सेवानिवृत्त उच्च श्रेणी शिक्षक श्री एलएल श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
निर्णायक एवं मार्गदर्शक की भूमिका श्रीमती विभा दुबे, श्री बीएन पांडे एवं श्री केके चौबे ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन श्री प्रमेश कुमार कौरव एवं श्रीमती शिवानी चौरसिया ने किया। आयोजन को सफल बनाने में श्रीमती प्रीति पाराशर, श्रीमती गुलशाना उस्मानी, श्रीमती दीपमाला धुर्वे, श्रीमती मीना श्रीवास्तव, श्रीमती पुष्पा दुबे, सांस्कृतिक प्रभारी कु. भारती यादव, कु. नम्रता गुप्ता सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





