जनजातीय कार्य विभाग की विभागीय टेनिस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन बड़वानी22 सितम्बर 2026/ जनजातीय कार्य विभाग द्वारा आयोजित विभागीय टेनिस प्रतियोगिता में बालक खेल परिसर बड़वानी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर खेल परिसर के 15 खिलाड़ियों का चयन शालेय राज्य स्तरीय टेनिस प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 5 से 10 अक्टूबर तक इंदौर में आयोजित होगी।

कोच श्री रोहित रावत ने बताया कि सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रंजना सिंह के नेतृत्व में शहर स्थित सरस्वती टेनिस क्लब बड़वानी में विभागीय टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 40 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में तीन अलग-अलग इवेंट मिनी,जूनियर और सीनियर वर्ग में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। खेल परिसर के खिलाड़ियों ने पूरे प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।

उनके इसी शानदार प्रदर्शन के फलस्वरूप 15 खिलाड़ियों ने शालेय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सहायक आयुक्त श्रीमती रंजना सिंह ने चयनित खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खेल परिसर के 15 खिलाड़ियों के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर विद्यालय के समस्त स्टाफ, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी। साथ ही आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।