पशुपालन को बढ़ावा देने एवं दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत बड़वानी विकासखंड के वृंदावन ग्राम बोरलाय में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। योजना के तहत उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पात्र पशुपालकों की गायों को उनके दुग्ध उत्पादन के आधार पर पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को ₹1 लाख, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹50 हजार तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को ₹25 हजार का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन एवं दुग्ध व्यवसाय को गति देना तथा पशुपालकों को देशी उन्नत नस्ल की गायों के पालन-पोषण के लिए प्रेरित करना है। आवेदन एवं प्रतियोगिता का विवरण आवेदन की अंतिम तिथि - योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया 22 अक्टूबर से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र पशुपालक 28 अक्टूबर 2026 तक पशु औषधालय, बोरलाय में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। प्रतियोगिता की तिथि एवं स्थान - प्रतियोगिता का आयोजन 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को वृंदावन ग्राम बोरलाय में किया जाएगा। पात्रता एवं मानक - इस प्रतियोगिता में केवल वृंदावन ग्राम बोरलाय के स्थानीय निवासी पशुपालक ही भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रतिदिन 6 लीटर से अधिक दुग्ध उत्पादन क्षमता वाली पात्र गायों को शामिल किया जाएगा। योजना एवं आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक पशुपालक जिला पशु चिकित्सालय, बड़वानी अथवा स्थानीय पशु औषधालय में संपर्क कर सकते हैं। इसी प्रकार बड़वानी जिले के समस्त वृन्दावन ग्रामो (जुलवानिया विकास खण्ड राजपुर, बलवाडी विकास खण्ड सेंधवा, चिखल्दा विकास खण्ड पानसेमल) मे भी आयोजित की जायेगी।


