जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 6 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले में 1 से 19 वर्ष तक के 5 लाख 21 हजार 912 बच्चों को एलबेन्डाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान दवा से छूटे बच्चों के लिए 9 अक्टूबर 2026 को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नागेन्द्र बिहारी दुबे ने बताया कि भारत सरकार की फिक्स्ड डे स्ट्रेटजी के तहत वर्ष 2026-27 के लिए जिले का कुल लक्ष्य 5,21,912 बच्चों का निर्धारित किया गया है। इसमें विकासखंड कुसमी के 37,628, मझौली के 75,819, रामपुर नैकिन के 1,10,965, सीधी के 1,72,108 तथा सिहावल के 1,25,392 बच्चे शामिल हैं।

अभियान के तहत आंगनबाड़ी में पंजीकृत एवं अपंजीकृत बच्चों के साथ शाला से बाहर के बच्चे तथा शासकीय, निजी, सीबीएसई विद्यालयों, मदरसों एवं तकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को शामिल किया गया है।

77 हजार से अधिक महिलाओं को भी दी जाएगी दवा

अभियान के अंतर्गत 20 से 49 वर्ष की 77,116 गैर गर्भवती महिलाओं को भी एलबेन्डाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

डॉ. नागेन्द्र बिहारी दुबे ने बताया कि 1 से 2 वर्ष की आयु के बच्चों को आधी गोली चूरा करके, 2 से 3 वर्ष की आयु के बच्चों को पूरी गोली चूरा करके तथा 3 से 19 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली चबाकर साफ पानी के साथ खिलाई जाएगी।

विद्यालयों और आंगनबाड़ी केन्द्रों में पूरी तैयारी

अभियान के लिए सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं बाल देखभाल संस्थाओं में दवा उपलब्ध कराई जा चुकी है। शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सीएचओ, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को अभियान के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने अभिभावकों, शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि 6 अक्टूबर को सभी पात्र बच्चों को अनिवार्य रूप से एलबेन्डाजोल की दवा खिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में खून की कमी, कुपोषण तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है। एलबेन्डाजोल की गोली सुरक्षित है। उन्होंने सभी से अभियान में सक्रिय सहयोग कर जिले को कृमि मुक्त बनाने में सहभागी बनने की अपील की है।