भोपाल, जम्मू-कश्मीर के प्रमुख मीडिया संगठनों से जुड़े पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के केंद्रीय क्षेत्रीय केंद्र (CRC), भोपाल का दौरा किया। प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के अधिकारियों के साथ पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल को SAI की खेल प्रशिक्षण व्यवस्था, खेल विज्ञान सुविधाओं तथा खिलाड़ियों के विकास के लिए संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल में श्री पराग मंडले, सहायक निदेशक, PIB, भोपाल तथा श्री जाकिर मलिक, PIB नोडल संचार अधिकारी, जम्मू-कश्मीर के साथ जम्मू-कश्मीर के विभिन्न प्रमुख मीडिया संगठनों के पत्रकार शामिल रहे।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने SAI CRC भोपाल के विभिन्न फील्ड्स ऑफ प्ले (FOPs) का भ्रमण किया तथा विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों से संवाद किया। प्रतिनिधिमंडल ने खेल विज्ञान सुविधाओं, जूडो हॉल, एथलेटिक्स ट्रैक और हॉकी FOP का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें उच्च प्रदर्शन वाले खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध अत्याधुनिक प्रशिक्षण अधोसंरचना, वैज्ञानिक सहयोग प्रणाली तथा खेल सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई।
जम्मू-कश्मीर से आए पत्रकारों ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों से उनके प्रशिक्षण कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं की तैयारी, प्रशिक्षण रणनीतियों और SAI से जुड़े अनुभवों के बारे में बातचीत की। इस संवाद के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए SAI द्वारा अपनाए जा रहे एकीकृत दृष्टिकोण को करीब से समझा, जिसमें गुणवत्तापूर्ण खेल अधोसंरचना के साथ खेल विज्ञान, विशेषज्ञ प्रशिक्षण एवं वैज्ञानिक सहयोग को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान श्री पराग मंडले, सहायक निदेशक, PIB, भोपाल एवं श्री जाकिर मलिक, PIB नोडल संचार अधिकारी, जम्मू-कश्मीर का SAI CRC भोपाल की ओर से श्री विकास भंडारी, सहायक निदेशक, SAI CRC भोपाल द्वारा स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। यह सम्मान खेल क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों के प्रभावी संचार एवं आउटरीच को मजबूत करने की दिशा में उनके सहयोग के प्रति आभार के रूप में प्रदान किया गया।
इस दौरे का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर के मीडिया प्रतिनिधियों को देश में विकसित हो रही खेल अधोसंरचना, खिलाड़ी-केंद्रित प्रशिक्षण व्यवस्था तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने में भारतीय खेल प्राधिकरण की भूमिका से परिचित कराना था। प्रतिनिधिमंडल ने SAI CRC भोपाल में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं, खेल विज्ञान सहायता एवं खिलाड़ियों के लिए विकसित समग्र हाई-परफॉर्मेंस वातावरण का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।






