नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर देखभाल के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज एसएनसीयू (विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई) जिला चिकित्सालय भिण्ड में राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह (15 से 21 नवंबर) का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम स्थल को गुब्बारों और 'राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह' की आकर्षक रंगोली से सजाया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल सर्जन डॉ. आर.के. मिश्रा उपस्थित रहे। इस अवसर पर आरएमओ डॉ. निखिल अग्रवाल, अस्पताल प्रबंधक साकेत चौरसिया, वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही कार्यक्रम में एसएनसीयू के समस्त नर्सिंग ऑफिसर्स, डीईओ, सपोर्ट स्टाफ एवं बड़ी संख्या में प्रसूता माताओं और परिजनों की सक्रिय उपस्थिति रही।
विशेषज्ञों ने बताए नवजात देखभाल के सूत्र
सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. आर.के. मिश्रा ने कहा कि जन्म के बाद के शुरुआती 28 दिन किसी भी शिशु के जीवन और स्वस्थ भविष्य की नींव होते हैं। इस दौरान सही देखभाल अपनाकर नवजात मृत्यु दर में बड़ी कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश शर्मा और आरएमओ डॉ. निखिल अग्रवाल ने उपस्थित माताओं और परिजनों को महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा जन्म के एक घंटे के भीतर शिशु को माँ का पहला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) अवश्य पिलाएं और 6 माह तक केवल स्तनपान कराएं। कम वजन या समय से पूर्व जन्मे शिशुओं को हाइपोथर्मिया (ठंड लगने) से बचाने के लिए कंगारू मदर केयर तकनीक अपनाएं। नवजात को छूने से पहले हाथों की अच्छी तरह सफाई रखें और अस्पताल व घर में स्वच्छता का विशेष ध्यान दें। शिशु को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए समय पर सभी आवश्यक टीके लगवाएं।
सप्ताह के पहले दिन अस्पताल प्रबंधक साकेत चौरसिया के समन्वय तथा एसएनसीयू के नर्सिंग ऑफिसर्स, डीईओ और सपोर्ट स्टाफ के सहयोग से प्रसूता माताओं के लिए विशेष परामर्श सत्र आयोजित किया गया। पूरे सप्ताह के दौरान अस्पताल में आने वाली गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को नवजात की सही देखभाल के प्रति जागरूक किया जाएगा।

