खरीफ फसलों में कीट-व्याधियों के प्रकोप से बचाव तथा फसलों को प्राकृतिक रूप से पोषक तत्व उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, किरनापुर में प्राकृतिक एवं जैविक खेती के विभिन्न आयाम बिक्री हेतु उपलब्ध कराए गए हैं।

कार्यालय में अग्निअस्त्र, दशपर्णी अर्क, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र एवं जीवामृत का स्टॉक भंडारित किया गया है।उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि किसान इन प्राकृतिक कृषि आयामों का उपयोग वर्तमान खरीफ फसलों जैसे धान, अरहर, तिल सहित अन्य फसलों में कर सकते हैं। इनके प्रयोग से फसलों को कीट एवं व्याधियों के प्रकोप से बचाने में सहायता मिलने के साथ-साथ पौधों को आवश्यक पोषक तत्व भी प्राप्त होते हैं।

विभाग द्वारा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को इनके उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है।कार्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, किरनापुर में उपलब्ध अग्निअस्त्र 60 रुपये प्रति लीटर, दशपर्णी अर्क 40 रुपये प्रति लीटर, नीमास्त्र 40 रुपये प्रति लीटर, ब्रह्मास्त्र 50 रुपये प्रति लीटर तथा जीवामृत 20 रुपये प्रति लीटर की दर से किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है।कृषि विभाग ने किसान बंधुओं से अपील की है कि वे प्राकृतिक एवं जैविक खेती के इन आयामों का अधिक से अधिक उपयोग करें।

विभाग के अनुसार इनके प्रायोगिक उपयोग से फसलों में अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार कार्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, किरनापुर से संपर्क कर इन प्राकृतिक कृषि उत्पादों का लाभ ले सकते हैं।