सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत केन्द्र एवं राज्य शासन की छात्रवृत्ति योजनाएं जिले की प्रतिभावान छात्राओं के भविष्य को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। जिले की शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, आगर-मालवा में सिविल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रिया सोनी के लिए केन्द्रीय शासन की प्रगति छात्रवृत्ति योजना वरदान साबित हुई है। सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली प्रिया बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्रिया सोनी का चयन केन्द्रीय शासन की प्रगति छात्रवृत्ति योजना में हुआ है, जिसके तहत् उन्हें प्रतिवर्ष 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है।

छात्रवृत्ति की राशि से उन्हें शिक्षा से जुड़े खर्चों को पूरा करने में सहायता मिल रही है तथा वे तकनीकी एवं अन्य आवश्यक कौशल सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने के अवसर प्राप्त कर पा रही हैं। प्रिया ने बताया कि यह छात्रवृत्ति उनके लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपने सपनों को साकार करने, नए कौशल विकसित करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस सहयोग के लिए केन्द्र शासन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।