कोरोना काल में सब्जी का व्यवसाय बंद होने के बाद ब्यौहारी के वार्ड क्रमांक-4 निवासी राजभान साहू के सामने परिवार की आजीविका चलाने की चुनौती खड़ी हो गई थी। ऐसे समय में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना उनके लिए नई उम्मीद बनकर सामने आई। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसका लाभ लिया और अपने लिए रोजगार का नया रास्ता तैयार किया।
राजभान साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत उन्होंने 10 हजार, 20 हजार और 50 हजार रुपये का ऋण लिया। ऋण की राशि का उपयोग कर उन्होंने फोटोकॉपी की नई दुकान शुरू की। आज यही दुकान उनके परिवार की आजीविका का आधार बनी हुई है। अपने व्यवसाय से वे परिवार का भरण-पोषण करने के साथ आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
राजभान साहू कहते हैं कि कोरोना काल में जब उनका पुराना व्यवसाय बंद हो गया था, तब योजना के माध्यम से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें नया व्यवसाय शुरू करने का अवसर दिया। फोटोकॉपी की दुकान शुरू होने से उनके लिए नियमित आय का जरिया बना और परिवार की जरूरतें पूरी करने में सहूलियत हुई।
राजभान साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से उन्हें नया व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिला है। योजना से मिले सहयोग ने उनके जीवन में फिर से उम्मीद जगाई और उन्हें अपने पैरों पर खड़े होकर परिवार की जिम्मेदारियां निभाने का संबल मिला।





