देशी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्द्धन तथा दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जिले के चयनित चार वृंदावन ग्रामों में 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।

चार स्थानों पर होगी प्रतियोगिता

जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में चयनित वृंदावन ग्रामों में प्रतियोगिता आयोजित होगी। नरसिंहपुर विधानसभा के बरमान कलां में शासकीय गौशाला, गोटेगांव विधानसभा के करेली कलां में शासकीय स्कूल परिसर, तेंदूखेड़ा विधानसभा के भौंरझिर में सामुदायिक भवन तथा गाडरवाड़ा विधानसभा के बैरागढ़ में ग्राम पंचायत भवन प्रतियोगिता स्थल निर्धारित किए गए हैं।

6 लीटर या अधिक दुग्ध उत्पादन वाली गायें होंगी पात्र

प्रतियोगिता में सभी वर्गों के ऐसे पशुपालक भाग ले सकते हैं, जिनके पास भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गाय है और उसका प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन 6 लीटर या उससे अधिक है। इच्छुक पशुपालक निकटतम पशुपालन विभाग की संस्था अथवा विभागीय अमले से आवेदन प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे तक निर्धारित है। प्रतियोगिता के तहत दुग्ध मापन 30 अक्टूबर को सुबह एवं शाम तथा 31 अक्टूबर को सुबह किया जाएगा। उप संचालक पशुपालन विभाग ने पात्र पशुपालकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तरीय समिति का निर्णय अंतिम होगा।

उपसंचालक पशुपालन डॉ. सुनील बृजपुरिया ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गायों के पालन को बढ़ावा देना, अधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली गायों की पहचान करना तथा पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। प्रतियोगिता में गिर, साहीवाल, थारपारकर, मालवी, निवाड़ी सहित अन्य अधिसूचित स्वदेशी नस्लों की गायों के संरक्षण एवं संवर्द्धन पर विशेष जोर दिया जाएगा।