प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में "सेवा संकल्प अभियान" के अंतर्गत जनकल्याणकारी योजनाओं एवं भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित दो नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया।
प्राचार्य डॉ. एस.पी. सिंह ने बताया कि इंदिरा चौक, पुराना बस स्टेशन व नगर निगम चौराहा पर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी, स्वयं सहायता समूह एवं जल जीवन मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, ज्ञान एवं जीवन-मूल्यों की समृद्ध विरासत को प्रभावी संवाद एवं अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि नुक्कड़ नाटक साहित्य एवं लोक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। सरल संवाद और अभिनय के जरिए इसके माध्यम से सामाजिक चेतना का संदेश जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना सामाजिक जिम्मेदारी भी है। इस दौरान दोनों प्रस्तुतियों में लगभग 15-15 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। रेडक्रॉस एवं एनएसएस के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के प्रभारी प्रो. रवि किराड़े रहे और डॉ. अर्चना मोरे ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।



