ग्रामीणों, महिलाओं, किशोरियों एवं वृद्धजनों का हुआ स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण, दवाओं का वितरण

कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में ‘‘सेवा मेरा योगदान’’ गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद से संबद्ध नवांकुर संस्थाओं द्वारा विभिन्न ग्रामों एवं संस्थानों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों एवं आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया गया।

ग्राम कितपुरा में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण

गौरिहार क्षेत्र के ग्राम कितपुरा में नवांकुर संस्था विश्वनाथ कला मंच जन उत्थान समिति द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। डॉ. धर्मेंद्र एवं उनकी चिकित्सकीय टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। जरूरतमंदों को जांच के उपरांत आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष तुलसा अनुरागी, जनपद सदस्य गंगाराम दीक्षित, ब्लॉक समन्वयक अनिल निगम तथा नवांकुर संस्था के सचिव राहुल अग्रहरि उपस्थित रहे। शिविर में किशोर बालक-बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित जानकारी भी दी गई।

तिंदनी में महिलाओं, किशोरियों और वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण

सेक्टर चंद्रपुरा अंतर्गत नवांकुर संस्था गुंजन बुन्देली कला एवं जनविकास समिति द्वारा ग्राम तिंदनी के आंगनबाड़ी केंद्र में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं, किशोरियों और वृद्धजनों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण किया गया। सामान्य लक्षण पाए जाने पर आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया, जबकि गंभीर लक्षण वाले मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव रेफर किया गया।

घुवारा वृद्धाश्रम में वृद्धजनों की हुई स्वास्थ्य जांच

घुवारा में नवांकुर संस्था मां भगवती महिला मंडल द्वारा मां भगवती वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुवारा के डॉ. आनंद यादव एवं उनकी चिकित्सकीय टीम ने वृद्धजनों सहित उपस्थित नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने स्वस्थ जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया। जरूरतमंद वृद्धजनों एवं अन्य नागरिकों को आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया।

शिविर में वृद्धाश्रम संचालिका भगवती अहिरवार, स्वास्थ्य केंद्र की टीम, वृद्धाश्रम के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

ग्राम झमटुली में स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण

सेक्टर झमटुली अंतर्गत नवांकुर संस्था डूंगरिया ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा ग्राम झमटुली स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र झमटुली में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं और वृद्धजनों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण किया गया। परीक्षण के बाद सामान्य लक्षण वाले मरीजों को आवश्यक दवाएं वितरित की गईं तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी और परामर्श दिया गया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन स्वास्थ्य शिविरों से ग्रामीणों एवं आमजन को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिली। आयोजकों ने नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।