भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की समय-सारणी निर्धारित की गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ओगरे के निर्देशन में जिले में निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पुनरीक्षण कार्य संपादित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन 2 नवंबर 2026 तक पूरा होगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को किया जाएगा। इस पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। इनका निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आयोग के निर्देशानुसार पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं।



